जनभागीदारी से सुशासन-हिमाचल का महा-क्विज शुरू

14 May 2022

Jan Bhagidari Se Sushasan, Himachal Ka Maha Quiz

हिमाचल में पहली बार हो रहा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं पर आधारित क्विज का आयोजन

मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने शिमला से माईगव हिमाचल, सूचना प्रौद्यौगिकी विभाग द्वारा ‘‘जनभागीदारी से सुशासन-हिमाचल का महा-क्विज’’ का शुभारंभ किया। इस क्विज का आयोजन प्रदेश सरकार के वेब पोर्टल माईगव हिमाचल पर होगा। यह क्विज केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित है। क्विज आगामी 31 जुलाई तक जारी रहेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के संदर्भ में शुरू की गई यह क्विज सराहनीय पहल है। इसके माध्यम से आमजन को योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ उठाने में काफी आसानी होगी। उन्होंने इस पहल के लिए माईगव हिमाचल टीम को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में यह पहली बार ऐसी पहल की जा रही है। इसके माध्यम से आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने क्विज की सफलता हेतु माईगव की टीम को शुभकामनाएं दी हैं और प्रदेशवासियों से क्विज में भाग लेने के लिए आग्रह किया है।

महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रहीं विशेष योजनाएं

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्रीमती सरवीण चौधरी जी ने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी के नेतृत्व में राज्य में महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने गरीब बेटियों के लिए भी विशेष योजनाएं चलाई हैं। उन्होंने बताया कि योजनाओं के अंतर्गत प्रदान की जा रही सहायता राशियों में मुख्यमंत्री ने उचित वृद्धि की है। इनसे आज लाभार्थियों को काफी राहत मिल रही है। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार की योजनाओं से राज्य की महिलाएं स्वावलंबी भी बन रही हैं। प्रदेश में योजनाओं का लाभ उठाकर विभिन्न महिलाओं ने स्वरोजगार शुरू किया है। उन्होंने क्विज के सफल आयोजन हेतु माईगव हिमाचल की टीम को शुभकामनाएं दीं और आमजन से क्विज खेलने का आग्रह भी किया। क्विज के शुभारंभ समारोह का संचालन मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुभासीष पांडा किया। उन्हांने क्विज से संबंधित जानकारियों से अवगत करवाया। माईगव इंडिया के सीईओ अभिषेक सिंह ने दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से समारोह में धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

Jan Bhagidari Se Sushasan, Himachal Ka Maha Quiz

क्विज खेलने के लिए माईगव हिमाचल पोर्टल पर करें रजिस्ट्रेशन

‘‘जनभागीदारी से सुशासन-हिमाचल का महा-क्विज’’ में भाग लेने के लिए प्रतिभागी को माईगव हिमाचल पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाना होगा। माईगव पोर्टल पर पंजीकरण करवाना काफी सरल है। इसके लिए प्रतिभागी का अपना ईमेल अकाउंट और मोबाइल नंबर होना चाहिए। रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद माईगव पोर्टल के होम पेज पर क्विज से संबंधित बैनर होगा उस पर क्लिक करके क्विज से संबंधित पेज ओपन होगा।

प्रथम विजेता को मिलेंगे ₹51,000

‘‘जनभागीदारी से सुशासन-हिमाचल का महा-क्विज’’ में विभिन्न विषयों पर आधारित 8 राडंड होंगे। प्रत्येक राउंड में अव्वल प्रदर्शन करने वाले एक हजार प्रतिभागियों को 1-1 हजार रुपए की नकद इनाम राशि भेंट की जाएगी। 8 राउंड में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान रहने वालों को क्रमशः 51,000 रुपए, 21,000 रुपए, 11,000 रुपए बतौर इनाम राशि भेंट की जाएगी। यह क्विज प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक जिला में क्विज का शुभारंभ कैबिनेट मंत्रीगण करेंगे। क्विज के समापन अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बतौर मुख्यातिथि भाग लेंगे और विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करेंगे।

क्विज का पहला राउंड ‘‘महिला सशक्तिकरण’’ विषय पर

‘‘जनभागीदारी से सुशासन-हिमाचल का महा-क्विज’’ के अंतर्गत सबसे पहले ‘‘महिला सशक्तिकरण’’ (https://quiz.mygov.in/quiz/janbhagidari-se-sushasan-himachal-mahaquiz/) पर प्रश्नोत्तरी 11 मई, 2022 से 25 मई, 2022 तक होगी। पोर्टल में आयोजित क्विज पर सरकार की योजनाओं से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे तथा उनके सही जवाब पर क्लिक करना होगा। प्रत्येक राउंड में संबंधित विषय से जुड़े 10 सवाल पूछे जाएंगे। इनके जवाब 2 मिनट 30 सेकेंड में देने होंगे। यह समय अवधि पूर्ण होने पर क्विज से संबंधित पेज बंद हो जाएगा।

2 भाषाओं में उपलब्ध होगी प्रश्नोत्तरी

‘‘जनभागीदारी से सुशासन’’ हिमाचल का महा-क्विज जिसका उद्देश्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन के बारे में प्रदेश के आमजन को जागरूक करना है। इस क्विज के माध्यम से जनता को सरकार की योजनाओं की जानकारी हो सकेगी और योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी काफी आसानी होगी। ‘‘जनभागीदारी से सुशासन’’ हिमाचल का महा-क्विज श्रृंखला में विभिन्न विषयों पर प्रश्नोत्तरी शुरू होगी। बता दें कि प्रश्नोत्तरी 2 भाषाओं, हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध होगी।

अपनी टिप्पणियां दें

कुल टिप्पणियां - 0

Leave a Reply