माईगव हिमाचल का एक वर्ष का ऐतिहासिक सफर

06 Jan 2021

माईगव हिमाचल पोर्टल ने अपने एक वर्ष का सफर उत्कृष्ट कार्यों के साथ पूर्ण किया है। देवभूमि हिमाचल में 6 जनवरी, 2020 को मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने माईगव हिमाचल पोर्टल का शुभारंभ किया था।

प्रदेश सरकार द्वारा इस पोर्टल की शुरूआत सरकार के कार्यों, नीतियों, योजनाओं एवं आगामी निर्णयों के लिए आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु की गई है। इस ध्येय को मात्र एक साल में काफी सफलताएं प्राप्त हुई हैं। माईगव पोर्टल द्वारा विभिन्न अभियान चलाए गए तथा विभिन्न सुझाव आमंत्रित किए गए। इसमें प्रदेश के हजारों नागरिकों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। इतना ही नहीं जनता के सुझावों के दृष्टिगत राज्य सरकार ने अधिकतर निर्णय भी लिए हैं।

कोरोना संकट में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

विशेष यह है कि गत वर्ष मार्च माह से कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत काफी व्यवस्थाएं प्रभावित रही। इसके मद्देनजर सरकार द्वारा प्रदेश में लॉकडाडन लागू करना पड़ा। ऐसे में माईगव पोर्टल ने राज्य में सरकार की ओर से अहम भूमिका निभाई। माईगव ने अपने सोशल मीडिया माध्यमों एवं पोर्टल के द्वारा प्रदेशवासियों को समय-समय पर कोरोना के प्रति जागरूक करने सहित सरकार द्वारा लिए जाने वाले निर्णयों की जानकारी उपलब्ध करवाई। इस दौरान राज्य सरकार ने दिशानिर्देश सहित विभिन्न सुविधाओं हेतु हेल्पलाइन नंबर जारी किए। इसके दृष्टिगत माईगव ने इन महत्वपूर्ण सूचनाओं को राज्य के आमजन तक सोशल मीडिया के माध्यम (फेसबुक, वॉट्सएप, यूट्यूब चैनल, ट्वीटर व इंस्टग्राम) से पहुंचाया।

माईगव हिमाचल से जुड़े 50,000 नागरिक

कोरोना संकट के दौरान माईगव हिमाचल के उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए राज्य की जनता में पोर्टल के प्रति विश्वास उत्पन्न हुआ। इसके परिणामस्वरूप माईगव हिमाचल पोर्टल में लगभग 22,000 से अधिक नागरिकों ने अपना पंजीकरण करवाया। इतना ही नहीं माईगव हिमाचल के विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों पर पंजीकृत संख्या लगभग 25,000 है। नागरिकों के पंजीकरण का यह क्रम निरंतर बढ़ता जा रहा है। यह कहा जा सकता है कि माईगव हिमाचल से लगभग 50,000 नागरिक जुड़े हैं।

माईगव हिमाचल पोर्टल के कार्यों पर एक नजर

गत एक वर्ष में माईगव हिमाचल पोर्टल के माध्यम से विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों को किया गया है। आप माईगव हिमाचल पोर्टल को राज्य सरकार की योजनाओं, मंत्रिमंडल के निर्णयों सहित विभिन्न गतिविधियों से जुड़े 50 ब्लॉग उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त माईगव द्वारा 9 टास्क यानि विभिन्न सूचनात्मक कार्य, 11 चर्चा और 2 पोल किए गए। इतना ही नहीं माईगव हिमाचल के सोशल मीडिया माध्यमों पर सैंकड़ों की संख्या में जागरूकता अभियान, जनकल्याणकारी योजनाएं एवं सूचनात्मक इत्यादि कार्यों को प्रमुख रूप से किया गया।

माईगव हिमाचल डिजिटल न्यूजलेटर शुरू
माईगव हिमाचल ने प्रदेशवासियों की सहूलियत के लिए ‘‘माईगव हिमाचल न्यूज लेटर’’ नामक एक डिजिटल मासिक पत्रिका भी शुरू की है। इस पत्रिका पर सरकार द्वारा जनहित से जुड़े विषयों पर आधारित लेख एवं खबरों को शामिल किया जा रहा है। माईगव हिमाचल न्यूज लैटर डिजिटल मासिक पत्रिका माईगव हिमाचल पोर्टल एवं सोशल मीडिया के अन्य माध्यमों पर उपलब्ध रहेगी।

Leave a Reply