माईगव हिमाचल डिजिटल न्यूजलेटर का शुभारंभ

08 Jan 2021

बीते दिन माईगव हिमाचल पोर्टल के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर माईगव हिमाचल के डिजिटल मासिक न्यूजलेटर का शुभारंभ किया। इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने माईगव हिमाचल की टीम को साधुवाद एवं शुभकामनाएं दी। इस पत्रिका पर सरकार द्वारा जनहित से जुड़े विषयों पर आधारित लेख एवं खबरों को शामिल किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त पत्रिका में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध होगी। यह डिजिटल पत्रिका प्रत्येक माह माईगव हिमाचल के सोशल मीडिया माध्यमों तथा पोर्टल (फेसबुक, वॉट्सएप, यूट्यूब चैनल, ट्वीटर व इंस्टग्राम) में उपलब्ध रहेगी।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के डिजिटल इंडिया के आह्वान के अंतर्गत राज्य सरकार हरसंभव कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों, कार्यों एवं विभिन्न महत्वपूर्ण गतिविधियों की जानकारी ऑनलाइन पहंुचे। इसी ध्येय को साकार करते हुए माईगव हिमाचल न्यूजलेटर की शुरूआत की गई है। डिजिटल मासिक पत्रिका में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। इस पत्रिका को आमजन सोशल मीडिया पर पढ़ सकेंगे।

विशेष है कि बीते दिन माईगव हिमाचल का एक वर्ष पूर्ण हुआ। 6 जनवरी, 2020 को मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने माईगव हिमाचल पोर्टल का शुभारंभ किया था। प्रदेश सरकार द्वारा इस पोर्टल की शुरूआत सरकार के कार्यों, नीतियों, योजनाओं एवं आगामी निर्णयों के लिए आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु की गई है। इस ध्येय को मात्र एक साल में काफी सफलताएं प्राप्त हुई हैं। माईगव पोर्टल द्वारा विभिन्न अभियान चलाए गए तथा विभिन्न सुझाव आमंत्रित किए गए। इसमें प्रदेश के हजारों नागरिकों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। इतना ही नहीं जनता के सुझावों के दृष्टिगत राज्य सरकार ने अधिकतर निर्णय भी लिए हैं। मौजूदा समय में माईगव हिमाचल के सोशल मीडिया माध्यमों एवं पोर्टल से लगभग 50,000 नागरिक जुड़ चुके हैं।

Total Comments - 0

Leave a Reply