विश्व युवा कौशल दिवस – योगी की पाती

Blog By - Team MyGov,
July 30, 2026

मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों,

विश्व युवा कौशल दिवस पर मुझे प्रदेश के कई युवा साथियों से मिलने और उनकी सफलता की प्रेरक कहानियां सुनने का अवसर मिला। उन्होंने जो कुछ कहा, उससे मैं आश्वस्त हूं कि देश की सर्वाधिक युवा शक्ति वाला अपना प्रदेश कौशल से जुड़कर न केवल विकसित उत्तर प्रदेश, अपितु वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के निर्माण का पथ भी प्रशस्त करेगा। मेरे इस विश्वास का कारण कर्म और कौशल को सर्वोच्च स्थान देने वाली सनातन संस्कृति के चिरंतन मूल्य है। रामायण मैं रामसेतु के निर्माण का प्रसंग हमारी सांस्कृतिक चेतना में निहित विज्ञान, शिल्प, नवाचार एवं कार्यकुशलता का गौरवशाली अध्याय है, जो हमें कुछ भी असंभव नहीं मानने का मंत्र देता है।

लक्ष्य को कैसे संभव बनाया जा सकता है, इसका उदाहरण सोनभद्र की हेमा जी भी हैं। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की सहायता से ₹20 हजार से आरंभ किया गया उनका फर्नीचर व्यवसाय आज लाखों के टर्नओवर में परिवर्तित हो चुका है। पारंपरिक कौशल एवं आधुनिक तकनीक के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए सरकार ने विगत 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश को ‘कौशल प्रदेश’ में बदला है। ‘विश्व युवा कौशल दिवस’ पर ‘कौशल सेतु’ एवं ‘कौशल सारथी का शुभारंभ इसी संकल्प का प्रतीक है।

आज प्रदेश आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं एआई हब के रूप में स्थापित हो रहा है। ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना से पारंपरिक हुनर को वैश्विक पहचान मिली। ‘टेक युवा-समर्थ युवा पहल नई पीढ़ी को भविष्य की तकनीकों से जोड़ रही है। ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान कौशल को स्वरोजगार एवं उद्यमिता की शक्ति में बदल रहा है। ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित शिक्षा के साथ निःशुल्क व्यावसायिक कौशल का प्रशिक्षण तथा ‘स्किल फॉर जीरो पॉवर्टी’ पहल के अंतर्गत गरीब परिवारों के एक सदस्य को कौशल से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

मेरे युवा साथियों, अकाद‌मिक शिक्षा का महत्व है, किंतु इसके साथ आप किसी न किसी कौशल में निपुणता अवश्य प्राप्त करें। यह कौशल आपको रोजगार पाने वाला ही नहीं, अपितु रोजगार देने वाला भी बनाएगा। उत्तर प्रदेश में अकेले एमएसएमई सेक्टर से लगभग 4 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। यह कौशल उन्नयन में प्रदेश के नवसामर्थ्य का प्रमाण है।

युवा यह संकल्प लें कि कम से कम एक कौशल सीखकर समाज और प्रदेश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी करेंगे। प्रदेश सरकार कौशल विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। मेरा आग्रह है कि जो युवा इन योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं, वे अपने अन्य साथियों को भी इसकी जानकारी दें, ताकि वे भी इनका लाभ उठा सकें। स्मरण रखिए, कौशल ही आत्मनिर्भरता का आधार, स्वाभिमान का संबल और विकसित होने की राह पर अग्रसर प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है।

आपका
योगी आदित्यनाथ