हिमाचल प्रदेश में माईगव पोर्टल का भव्य आगाज

Team MyGov
June 10, 2024

मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने आज हिमाचल माईगव पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल शासकीय प्रणाली में जनता की भागीदारी को सुदृढ़ करने में मील का पत्थर साबित होगा। माईगव पोर्टल भारत के विकास के लिए तकनीक की मदद से सरकार और नागरिकों के मध्य भागीदारी की नई अभिनव पहल है। इसका उद्देश्य प्रदेश सरकार में नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माईगव हिमाचल प्रदेश के लोगों को अपने विचारों, सुझावों, प्रतिक्रियाओं और शिकायतों को सरकार तक पहुंचाने में सहायक होगा। प्रदेश सरकार रचनात्मक आलोचनाओं पर विचार करेगी तथा राज्य और देश की बेहतरी के लिए सभी सुझावों का समन्वय करेगी। उन्होंने कहा कि माईगव हिमाचल पोर्टल के माध्यम से प्रशासन को लोगों के करीब लाने का एक प्रयास है। इससे सरकार और लोगों के मध्य परस्पर संवाद सुनिश्चित किया जा सकता है। हिमाचल प्रदेश इस पोर्टल की सुविधा प्रदान करने वाला देश का 11वां राज्य है।

पोर्टल के माध्यम से सरकार को दे सकेंगे सुझाव

मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने कहा कि हिमाचल माईगव पोर्टल की मुख्य विशेषताएं विभिन्न प्रकार की सार्वजनिक नीतियों के मुद्दांे पर बातचीत, चर्चा, कार्य, मत देना और ब्लाॅगस हैं। इस पोर्टल की मदद से नागरिक सरकार द्वारा जनता के कल्याण के लिए विभिन्न नीतियों और कार्यक्रमों की प्रत्यक्ष और त्वरित जानकारी हासिल कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पोर्टल के माध्यम से आम जनता भी नीतियों और कार्यक्रमों को अधिक प्रभावशाली और परिणाम उन्मुख बनाने के लिए अपने मूल्यवान सुझाव दे सकते हैं।

जनता को सरकार के करीब लाएगा माईगव पोर्टल : सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री

प्रदेश कृषि व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डाॅ. रामलाल मारकंडा जी ने कहा कि हिमाचल माईगव पोर्टल के माध्यम से सरकार प्रदेश की जनता के और अधिक करीब आएगी। लोगों को प्रदेश सरकार द्वारा उनके कल्याण के लिए आरंभ की गई योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अधिकार है। इस मौके पर प्रधान सचिव सूचना एवं प्रौद्योगिकी श्री जे.सी शर्मा ने मुख्यमंत्री व अन्य गणमान्यों का स्वागत किया। माईगव केंद्र सरकार के सीईओ श्री अभिषेक सिंह जी ने पोर्टल के संबंध में प्रस्तुति दी तथा पोर्टल की बारीकियों एवं फायदे से अवगत करवाया।

Total Comments - 0

Leave a Reply