रोजगार तलाशने में मदद करेगा हिमाचल सरकार का ‘‘स्किल रजिस्टर’’

Blog By - Team MyGov,
June 4, 2020

देवभूमि हिमाचल में राज्य सरकार ने प्रवासियों को रोजगार उपलब्ध करवाने की दृष्टि से एक वेब पोर्टल शुरू किया है। पोर्टल का लाभ प्रवासियों और कंपनी एवं औद्योगिक घरानों को होगा। कोरोना महामारी के दृष्टिगत लॉकडाउन के दौरान हिमाचल प्रदेश में आने वाले प्रवासियों के डेटा बेस बनाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विकसित स्किल रजिस्टर skillregister.hp.gov.in का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने किया। इच्छुक व्यक्ति skillregister.hp.gov.in के माध्यम से पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके साथ ही विभिन्न कंपनियां और औद्योगिक घराने भी इस पोर्टल पर अपनी आवश्यकताओं को दर्ज कर सकते हैं। इस पोर्टल का संचालन हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम द्वारा किया जाएगा।

 पोर्टल पर अपलोड करने होंगे नौकरी संबंधी दस्तावेज

स्किल रजिस्टर पोर्टल के माध्यम से प्रदेश में लौटे लोग अपनी शैक्षिक योग्यता, कौशल और नौकरी की आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी अपलोड कर सकते हैं। इससे राज्य में उपलब्ध कौशल की पहचान करने और कौशल उन्नयन आवश्यकताओं के विश्लेषण में भी सहायता मिलेगी। इतना ही नहीं यह उद्योगों को एक क्लिक पर कुशल श्रमशक्ति के बारे में जानकारी प्राप्त करने में भी सहायक सिद्ध होगा।

औद्योगिक घरानों के साथ जोड़ा जाएगा कौशल रजिस्टर

स्किल रजिस्टर पोर्टल पर पंजीकरण मोबाइल नंबर और आधार नंबर पर आधारित होगा और लोगों को एसएमएस के माध्यम से सूचित किया जाएगा। कौशल के बारे में रिपोर्ट जिलावार, शैक्षिक योग्यता वार और कार्य अनुभव के अनुसार तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि कौशल रजिस्टर को औद्योगिक घरानों के साथ जोड़ा जाएगा ताकि उद्योगों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि इस रजिस्टर में आवश्यकता के अनुसार कौशल उन्नयन का भी प्रावधान होगा।

Total Comments - 0

Leave a Reply